जशपुर। जिले में धान खरीदी सीज़न शुरू होते ही अवैध परिवहन करने वाले कोचियों पर पुलिस की सख्ती लगातार जारी है। इसी क्रम में चौकी पंडरा पाठ पुलिस ने शनिवार को बड़ी सफलता हासिल करते हुए 10 क्विंटल अवैध धान से भरी एक पिकअप वाहन को पकड़ा है। पुलिस ने वाहन तथा धान दोनों को अग्रिम कार्रवाई हेतु जिला प्रशासन को सौंप दिया है।
वाहन चेकिंग के दौरान भागने लगा चालक, संदेह पर पीछा कर पकड़ा
मामले का संक्षिप्त विवरण के अनुसार 30 नवंबर 2025 को पंडरा पाठ पुलिस द्वारा क्षेत्र में वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। उसी दौरान सन्ना की ओर से एक पिकअप वाहन क्रमांक JH-07-M-9272 आता दिखाई दिया, लेकिन पुलिस की मौजूदगी देखते ही चालक ने घबराकर वाहन को वापस मोड़ते हुए भागने का प्रयास किया।
संदेह होने पर पुलिस टीम ने तुरंत पीछा किया और कुछ दूरी पर वाहन को रोकने में सफलता पाई। पूछताछ और वाहन की तलाशी के दौरान पिकअप में 10 क्विंटल धान की बोरियां लोड मिलीं।
दस्तावेज़ मांगने पर चालक नहीं दे पाया जवाब
चालक ने अपना नाम आनंद यादव, उम्र 30 वर्ष, निवासी भादू थाना सन्ना बताया और पिकअप का मालिक स्वयं को ही बताया। जब पुलिस ने धान परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज़ मांगे, तो वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस ने धान व वाहन दोनों को ज़ब्त करते हुए मामले को आगे की जांच हेतु जिला प्रशासन के सुपुर्द कर दिया। धान को कहाँ से लाया गया था और कहाँ ले जाया जा रहा था, इस संबंध में पड़ताल जारी है।
ऑपरेशन में पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में चौकी प्रभारी पंडरा पाठ उप निरीक्षक सतीश कुमार सोनवानी,सहायक उप निरीक्षक राज कुमार पैंकरा,प्रधान आरक्षक विनोद केरकेट्टा,आरक्षक बिलचियूस लकड़ा एवं मंगल राम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि जिले में अवैध धान परिवहन पर पूरी तरह निगरानी कि जा रही है पुलिस जिले में दीगर राज्यों से अवैध धान परिवहन पर सख्त निगरानी रखे हुए है। पंडरा पाठ क्षेत्र में 10 क्विंटल अवैध धान को पिकअप सहित पकड़ा गया है तथा अग्रिम कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को सौंपा गया है। अवैध धान परिवहन में शामिल व्यक्तियों पर लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।”






