जिले में गौ तस्करी के खिलाफ जशपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन शंखनाद के तहत एक बार फिर बड़ी कार्रवाई सामने आई है। चौकी सोन क्यारी क्षेत्रांतर्गत पुलिस ने जंगल के रास्ते पैदल गौवंशों को तस्करी के लिए ले जा रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 5 नग गौवंशों को सकुशल मुक्त कराया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
जिले भर में गौ तस्करी के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 29 दिसंबर 2025 को चौकी सोन क्यारी पुलिस को ग्राम कोयली बथान से एक अहम सूचना प्राप्त हुई। ग्राम कोयली बथान निवासी जगदेव राम (44 वर्ष) ने पुलिस को बताया कि वह दोपहर करीब 2 बजे अपने साथियों के साथ निजी कार्य से कोयली बथान से बलादरपाठ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उन्होंने दो व्यक्तियों को कुछ गौवंशों को हांकते हुए ले जाते देखा, जिस पर उन्हें संदेह हुआ। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना चौकी सोन क्यारी पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए तत्काल मौके पर दबिश दी। ग्राम कोयली बथान पहुंची पुलिस टीम ने दो संदिग्धों को 5 नग गौवंशों के साथ पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम किशोर मिंज (43 वर्ष) और बुलकन तिर्की (40 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम सरईटोली, थाना सन्ना, जिला जशपुर बताए।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उक्त गौवंशों को कुछ लोगों द्वारा खरीदा गया था और उन्हें जंगल के रास्ते हांकते हुए झारखंड राज्य के ग्राम गोविंदपुर ले जाने के लिए कहा गया था। इसी निर्देश पर वे गौवंशों को पैदल झारखंड ले जा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर गौवंशों के खरीददारों की पहचान भी कर ली है, जो फिलहाल फरार हैं। उनकी तलाश के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और शीघ्र गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
पुलिस द्वारा जब आरोपियों से गौवंशों से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने सभी 5 नग गौवंशों को अपने कब्जे में लेते हुए उनका पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया। पर्याप्त साक्ष्य और अपराध स्वीकारोक्ति के आधार पर दोनों आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस गौ तस्करी के मामलों को लेकर अत्यंत संवेदनशील है। चौकी सोन क्यारी क्षेत्रांतर्गत 5 नग गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गौ तस्करों के विरुद्ध ऑपरेशन शंखनाद आगे भी निरंतर जारी रहेगा।




