महिला सुरक्षा का संकल्प: 11 दिनों तक चला जन-जागरूकता अभियान मयाली में भव्य समापन के साथ संपन्न

Picture of The Prime News

The Prime News

SHARE:

जशपुर पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा रजत जयंती वर्ष 2025-26 के अंतर्गत जिले भर में संचालित 11 दिवसीय महिला सुरक्षा जन-जागरूकता अभियान का समापन कुनकुरी क्षेत्र के ग्राम मयाली में भव्य आयोजन के साथ किया गया। यह अभियान 1 जनवरी से 11 जनवरी 2026 तक जिले के समस्त शहरी, ग्रामीण, दूरस्थ एवं संवेदनशील क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से चलाया गया, जिसमें महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और कानूनों के प्रति जागरूक किया गया।
समापन कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, यूनीसेफ के स्वयंसेवकों, जय हो टीम, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं सहित लगभग 500 से अधिक लोगों की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम के दौरान महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, सामाजिक कुरीतियों और कानूनों की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनपद अध्यक्ष सुशीला साय ने महिलाओं की सामाजिक भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण का मूल आधार आत्मनिर्भरता और स्वयं की पहचान है। उन्होंने अपने जीवन अनुभव साझा करते हुए बताया कि सार्वजनिक जीवन में प्रवेश कर सरपंच के रूप में उन्होंने गांव की समस्याओं और विवादों का समाधान किया। उन्होंने महिलाओं से नेतृत्वकारी भूमिका निभाने के लिए आगे आने का आह्वान किया।

जिला पंचायत सदस्य अनिता सिंह ने महिलाओं और बालिकाओं को शासन की विभिन्न महिला एवं बालिका कल्याण योजनाओं की जानकारी देते हुए शिक्षा को सामाजिक विकास की कुंजी बताया। उन्होंने बालिकाओं की निरंतर शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर विशेष जोर दिया।

जोकारी ग्राम की सरपंच मंजू भगत ने महिला सुरक्षा से जुड़े विषयों पर प्रकाश डालते हुए महिलाओं और बालिकाओं को खेल, शिक्षा, रोजगार सहित हर क्षेत्र में आगे बढ़ने और आत्मविश्वास के साथ अपने अधिकारों के लिए खड़े होने का संदेश दिया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साइबर सुरक्षा और महिला सुरक्षा के क्षेत्र में जशपुर पुलिस के साथ मिलकर कार्य कर रही जय हो टीम को पूरे छत्तीसगढ़ में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर बधाई दी। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट के उपयोग, सड़क सुरक्षा, महिला सुरक्षा, साइबर फ्रॉड और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग पर विस्तार से जानकारी दी।

इस अभियान के अंतर्गत जशपुर पुलिस द्वारा जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों, शैक्षणिक संस्थानों, हाट-बाजारों एवं संवेदनशील इलाकों में जाकर जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में महिलाओं और बालिकाओं को आत्मरक्षा के व्यावहारिक उपाय, घरेलू हिंसा, लैंगिक उत्पीड़न, दहेज प्रतिषेध अधिनियम, बाल विवाह के दुष्परिणाम, नशे के दुष्प्रभाव, साइबर अपराध, पॉक्सो एक्ट, मानव तस्करी एवं टोनही प्रताड़ना जैसी सामाजिक बुराइयों की विस्तृत जानकारी दी गई।

नोनी रक्षा रथ की उप पुलिस अधीक्षक आशा लकड़ा ने बताया कि जशपुर पुलिस द्वारा महिलाओं की सुरक्षा और सहायता के लिए नोनी रक्षा दल के माध्यम से 24 घंटे की हेल्पलाइन सेवा संचालित की जा रही है। इसके लिए 9479128400 नंबर जारी किया गया है और पृथक वाहन की व्यवस्था की गई है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

कार्यक्रम में सुशीला सिंह, अनिता सिंह, मंजू भगत, शीतल बजाज, रेखा सिंह, राकेश कुमार पटनवार, विनोद कुमार मंडावी, आशा लकड़ा, यूनीसेफ से शालिनी गुप्ता, सीमा गुप्ता सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के समापन पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस का उद्देश्य इस जन-जागरूकता अभियान के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा के प्रति विश्वास पैदा करना, अपराधों की रोकथाम के लिए समाज की सहभागिता बढ़ाना और जिले में सुरक्षित वातावरण का निर्माण करना है।

The Prime News
Author: The Prime News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
और पढ़ें
error: Content is protected !!