अवैध धान तस्करी पर पुलिस का शिकंजा,झारखंड से जशपुर ला रहे थे धान, पुलिस ने दो दिन में एक ट्रक और दो पिकअप से 149 क्विंटल अवैध धान किया जब्त, कीमत 3.42 लाख रुपए

Picture of The Prime News

The Prime News

SHARE:

जशपुर : छत्तीसगढ़ में चालू धान खरीदी सीजन के बीच सरहदी राज्यों से अवैध रूप से धान खपाने की कोशिश कर रहे बिचौलियों पर जशपुर पुलिस की सख्त नजर लगातार बनी हुई है। इसी क्रम में चौकी आरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड से जशपुर लाए जा रहे अवैध धान की तस्करी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने बीते दो दिनों में एक ट्रक और दो पिकअप वाहनों से कुल 416 बोरी में 149 क्विंटल धान जब्त कर कार्यवाही हेतु जिला प्रशासन को सौंप दिया है। जब्त धान की अनुमानित कीमत लगभग 3 लाख 42 हजार रुपए बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई चौकी आरा क्षेत्रांतर्गत ग्राम केतार और बोकी में की गई। जानकारी के मुताबिक, 10 जनवरी 2026 की रात करीब 10 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम केतार के पास एक संदिग्ध ट्रक में भारी मात्रा में धान लोड कर झारखंड से जशपुर लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही चौकी आरा की पेट्रोलिंग टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम केतार स्थित पेट्रोल पंप के पास ट्रक क्रमांक JH-01-GF-0332 को रोका।

तलाशी के दौरान ट्रक में 290 बोरी में 90 क्विंटल धान पाया गया। पूछताछ पर चालक ने अपना नाम गणेश यादव (33 वर्ष) निवासी ग्राम खुटगांव, थाना कुनकुरी बताया। चालक ने यह भी स्वीकार किया कि ट्रक जशपुर निवासी विशाल गुप्ता का है और धान को झारखंड से लाकर जशपुर में खपाने की तैयारी थी। पुलिस द्वारा धान परिवहन से संबंधित मंडी टोकन व अन्य वैध दस्तावेज मांगे जाने पर चालक कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद ट्रक सहित धान को जब्त कर जिला प्रशासन को सौंप दिया गया। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी विशाल गुप्ता का मिनी ट्रक धान तस्करी के मामले में कुनकुरी क्षेत्र में पकड़ा जा चुका है।

इसी क्रम में 11 जनवरी 2026 की शाम करीब 7 बजे मुखबिर की सूचना पर आरा पुलिस ने ग्राम बोकी में घेराबंदी कर दो पिकअप वाहन क्रमांक JH-07-H-0224 एवं JH-01-CV-2140 को रोका। जांच में पहले पिकअप से 66 बोरी में 30 क्विंटल धान और दूसरे पिकअप से 60 बोरी में 29 क्विंटल धान बरामद किया गया। दोनों पिकअप के चालक क्रमशः शेखर यादव (26 वर्ष) निवासी मधुबनटोली, जशपुर एवं सजीत कुमार (25 वर्ष) निवासी पुरनानगर, जशपुर पाए गए। दोनों चालकों ने भी धान को झारखंड से जशपुर ले जाना स्वीकार किया, लेकिन वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों पिकअप सहित 126 बोरी में 59 क्विंटल धान जब्त कर जिला प्रशासन को सौंप दिया।
इस प्रकार जशपुर पुलिस ने महज दो दिनों में अवैध धान परिवहन करते हुए एक ट्रक और दो पिकअप से कुल 149 क्विंटल धान पकड़कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस के अनुसार, अब तक जिले में 2100 क्विंटल से अधिक अवैध धान जब्त कर संबंधित मामलों में जिला प्रशासन को सौंपा जा चुका है।

इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी आरा सहायक उप निरीक्षक चंद्र प्रकाश त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक विद्या सागर पैंकरा एवं आरक्षक बेलसाजर कुजूर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

मामले को लेकर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि अवैध धान परिवहन पर जशपुर पुलिस लगातार सख्ती से कार्रवाई कर रही है। आरा क्षेत्र में पकड़े गए ट्रक और पिकअप से जब्त धान को जिला प्रशासन को सौंप दिया गया है और आगे भी अवैध धान तस्करी के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा।

The Prime News
Author: The Prime News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
और पढ़ें
error: Content is protected !!