जशपुर जिले में दो युवकों की रहस्यमयी गुमशुदगी के मामले का पुलिस ने बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा किया है। थाना तुमला के चौकी कोल्हेनझरिया क्षेत्रांतर्गत सेरमाटोली गांव से 12 दिसंबर से लापता दो युवकों की तलाश के दौरान पुलिस को कागजपुड़ा डेम से दोनों की लाशें बरामद हुई हैं। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि चार अन्य आरोपी फरार हैं, जिन्हें पुलिस ने चिन्हित कर लिया है।
डेम में छुपी थी सच्चाई, बोरे में मिले शव
पुलिस जांच में सामने आया कि सेरमाटोली निवासी दिलीप राम खड़िया (23 वर्ष) और विलियम कुजूर (31 वर्ष) 12 दिसंबर को ग्राम डांगबंधी के जंगल की ओर चिड़िया मारने गए थे। रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने थाना तुमला में 14 दिसंबर को गुम इंसान की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सघन पतासाजी और सभी संभावित एंगल से जांच शुरू की।
जंगली सूअर के लिए बिछाया गया था करंट तार
जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने डांगबंधी निवासी आयटू लोहार (30 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने अपने चार साथियों के साथ मिलकर जंगल के पास स्थित अरहर के खेत में जंगली सूअर को मारने के लिए खुले बिजली के तार बिछाए थे। उसी तार की चपेट में आकर विलियम कुजूर और दिलीप खड़िया की मौके पर ही मौत हो गई।
सबूत छुपाने के लिए रची गई साजिश
करंट से मौत होने के बाद आरोपी घबरा गए और साक्ष्य छुपाने के इरादे से दोनों शवों को बोरे में भरकर कागजपुड़ा डेम में बेशरम की झाड़ियों के नीचे फेंक दिया। आरोपी आयटू लोहार की निशानदेही पर पुलिस ने डेम से दोनों शव बरामद कर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराया। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण करंट से झुलसना बताया गया है।
एक गिरफ्तार, चार फरार
पुलिस ने आरोपी आयटू लोहार को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, घटना में शामिल चार अन्य आरोपियों को चिन्हित कर उनकी तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
आरोपियों के विरुद्ध थाना तुमला में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105, 238 एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। मामले की विवेचना जारी है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि जंगली सूअर के शिकार के लिए बिछाए गए करंट तार की चपेट में आने से दोनों युवकों की मौत हुई थी। आरोपियों ने शवों को डेम में छुपा दिया था। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, शेष फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।







