सूरजपुर। थाना चांदनी पुलिस ने पत्नी की हत्या कर फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला ग्राम नवाटोला माझापारा का है, जहां आरोपी ने घरेलू विवाद के दौरान पत्नी की बेरहमी से हत्या कर शव को कुएं में फेंककर छुपा दिया था।
मिली जानकारी के अनुसार, 20 नवंबर 2025 को ग्राम सरना थाना रघुनाथनगर बलरामपुर निवासी प्रभावती काशी ने थाना चांदनी में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 19 नवंबर को उनके भतीजे ने फोन पर पूछा कि क्या मां देवकुमारी उनके यहां आई हैं। लेकिन उनके यहां न आने पर संदेह की स्थिति बनी। अगले दिन जब वह बहन के घर नवाटोला पहुंचीं तो भतीजे ने चौंकाने वाला खुलासा किया।
भतीजे के अनुसार, 18 नवंबर की रात आरोपी अशोक रजक अपनी पत्नी देवकुमारी की पिटाई कर रहा था। छोटे बेटे ने रोकने की कोशिश की तो उसे भी मारपीट की गई। डर के कारण वह घर से बाहर भागकर बाड़ी में छिप गया और उसने देखा कि अशोक रजक ने डंडा और सिलबट्टा से पत्नी की हत्या कर उसके शव को कुएं में फेंककर ऊपर से पुआल डालकर छिपा दिया।
शिकायत पर थाना चांदनी में अपराध क्रमांक 66/2025 धारा 103(1), 238 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। घटना के बाद से आरोपी फरार था, जिस पर डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे।
पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी रही। इस दौरान सूचना मिली कि आरोपी उड़ीसा से वापस घर लौटा है, जिस पर तत्काल घेराबंदी कर अशोक रजक (39 वर्ष) पिता धरम साय को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने खाना नहीं बनाने की बात पर आवेश में आकर हत्या करने की बात स्वीकार की।
आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा और सिलबट्टा बरामद कर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेज दिया है।
इस पूरी कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो, एसडीओपी ओड़गी राजेश जोशी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी चांदनी प्रदीप सिदार, एएसआई क्षेत्रपाल सिंह, प्रधान आरक्षक इसित बेहरा, आरक्षक मुकेश साहू, भुनेश्वर पाटले, आलोक सिंह, मंजीत कुमार व रूपदेव राजवाड़े की अहम भूमिका रही।




