सूरजपुर।
पुलिसिंग में तकनीकी दक्षता और कार्य की पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए सूरजपुर पुलिस ने सीसीटीएनएस (Crime and Criminal Tracking Network and Systems) प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की है। शुक्रवार, 10 अक्टूबर 2025 को इस प्रशिक्षण का शुभारंभ सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री दीपक कुमार झा ने पुलिस कंट्रोल रूम सूरजपुर में किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि, “वर्तमान दौर में पुलिसिंग का स्वरूप तकनीकी हो चुका है। इसलिए प्रत्येक अधिकारी और जवान को सीसीटीएनएस प्रणाली में निपुण होना समय की मांग है। इससे न केवल विवेचना के कार्य में पारदर्शिता आएगी बल्कि केस डायरी, चार्जशीट और रिपोर्ट जैसी प्रक्रियाएँ भी त्वरित होंगी।”
आईजी झा ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि सीसीटीएनएस का सही उपयोग पुलिस कार्य को अधिक प्रभावी बनाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रणाली के माध्यम से ऑनलाइन एफआईआर दर्ज करना, अपराध विवरण, केस डायरी प्रविष्टि, चार्जशीट, फाइनल रिपोर्ट, एनसीआर प्रविष्टि और सिटीजन पोर्टल संचालन जैसे कार्यों को आसानी से किया जा सकेगा। इससे थानों के कार्यों में गति आएगी और अपराध नियंत्रण एवं जांच कार्यों की गुणवत्ता में सुधार होगा।
इस प्रशिक्षण की रूपरेखा डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर द्वारा तैयार की गई है। उनका उद्देश्य है कि जिले के सभी थानों के अधिकारी और जवान चरणबद्ध तरीके से तकनीकी रूप से प्रशिक्षित हों। इसी क्रम में पुलिस कंट्रोल रूम सूरजपुर में सभी थानों के कर्मियों को बैचवार प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
आईजी झा ने बताया कि आने वाले दिनों में सरगुजा रेंज के सभी जिलों में इसी तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किए जाएंगे ताकि रेंज के प्रत्येक पुलिसकर्मी को डिजिटल पुलिसिंग में दक्ष बनाया जा सके।
प्रशिक्षण के शुभारंभ अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो, सीएसपी एस.एस. पैंकरा, सीसीटीएनएस प्रभारी, तथा अन्य पुलिस अधिकारीगण उपस्थित रहे।
📍 – संवाददाता, THE PRIME NEWS 24, सूरजपुर




