दुर्ग न्यूज | सिटी कोतवाली दुर्ग | Crime News Chhattisgarh
दुर्ग जिले में शासकीय चिकित्सक के पद पर नौकरी लगाने का झांसा देकर 20 लाख रुपये की धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। थाना सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस ने इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की है।
पीड़ित ने दर्ज कराई थी लिखित शिकायत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 29 अगस्त 2025 को प्रार्थी सचिन मालगी (उम्र 43 वर्ष), निवासी कदम कैपिटल टाउन, अंजोरा, दुर्ग ने थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में लिखित आवेदन प्रस्तुत किया था।
शिकायत में प्रार्थी ने आरोप लगाया कि विकास चंद्राकर नामक व्यक्ति ने उसे शासकीय चिकित्सक (डॉक्टर) की नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया और इसी बहाने उससे कुल 20 लाख रुपये प्राप्त कर लिए।
न नौकरी लगी, न पूरी रकम वापस मिली
प्रार्थी के अनुसार, लंबे समय तक इंतजार के बावजूद न तो उसे कोई सरकारी नौकरी मिली और न ही पूरी रकम वापस की गई। प्रथम दृष्टया जांच में मामला धारा 420 भादवि (धोखाधड़ी) का पाए जाने पर थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में अपराध क्रमांक 411/2025 पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
पूछताछ में आरोपी ने किया जुर्म कबूल
विवेचना के दौरान पुलिस द्वारा आरोपी की लगातार पतासाजी की जा रही थी। सूचना मिलने पर आरोपी विकास चंद्राकर को तलब कर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपी ने अपने मेमोरेंडम कथन में स्वीकार किया कि उसने मई 2023 में प्रार्थी से डॉक्टर की नौकरी लगाने के नाम पर 20 लाख रुपये लिए थे।
नौकरी न लगने पर आरोपी ने विभिन्न किश्तों में 8 लाख रुपये प्रार्थी सचिन मालगी एवं उसकी पत्नी कीर्ति पटानी के बैंक खातों में वापस किए। वहीं शेष 13 लाख रुपये के लिए आरोपी ने अपने भारतीय स्टेट बैंक खाते से 5 लाख और 8 लाख रुपये के दो चेक दिए थे।
चेक बाउंस की नियत, पे-ऑप्शन ही नहीं कराया सक्रिय
जांच में सामने आया कि आरोपी ने उक्त चेकों के भुगतान की नियत ही नहीं रखी थी। उसने अपने बैंक खाते में पे-ऑप्शन सक्रिय नहीं कराया, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी ने जानबूझकर धोखाधड़ी की।
आरोपी गिरफ्तार, विधिवत कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के कृत्य को गंभीर अपराध मानते हुए उसके विरुद्ध अभिरक्षा पत्र तैयार कर विधिवत वैधानिक कार्रवाई की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी का नाम व पता
नाम: विकास चंद्राकर
पिता का नाम: गिरधारी लाल चंद्राकर
उम्र: 39 वर्ष
पता: मकान नंबर 01, विवेक मल्टी स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल, त्रिमूर्ति कॉलोनी के पास
जिला: महासमुंद (छत्तीसगढ़)







